भोपाल। सामान्य प्रशासन विभाग ने साल 2019 के लिए सरकारी कर्मचारियों व कार्यालयों के लिए अवकाश की घोषणा की है। इनका राजपत्र में प्रकाशन भी किया गया है। इसके अनुसार नए साल में 19 सामान्य अवकाश रहेंगे। वहीं 58 ऐच्छिक अवकाश घोषित किए गए हैं। इस सूची में 12 ऐच्छिक व 4 सामान्य अवकाश रविवार को होने के कारण शामिल नहीं किए गए हैं। इन्हें मिलाकर 23 सामान्य व 60 दिनों का ऐच्छिक अवकाश कर्मचारियों को मिलेगा।
ये सामान्य अवकाश आएंगे रविवार को : इस साल 4 सामान्य अवकाश रविवार को रहेंगे। इसमें 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती व वैशाखी, 13 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकी जयंती, 27 अक्टूबर को दीपावली व 10 नवंबर को मिलाद-उल- नबी शामिल हैं। यह सभी पर्व व त्योहार रविवार को ही होने के कारण इनकी अलग से छुट्टी घोषित नहीं की गई है।
साल 2019 में 12 ऐच्छिक अवकाश रविवार को आएंगे। इनमें 6 जनवरी गुरु गोकुलदास महाराज जन्म दिवस, 13 जनवरी गुरु गोविंद सिंह जन्म दिवस, 10 फरवरी बसंत पंचमी, 24 फरवरी शबरी जयंती, 31 मार्च को भक्त माता कर्मा जयंती, 9 जून को बिरसा मुंडा शहीदी दिवस, 11 अगस्त ईद उल अदहा, 29 सितंबर अग्रसेन जयंती, 6 अक्टूबर दशहरा, 13 अक्टूबर महाराज अजमोढ़ देव जयंती व टेकचंद महाराज का समाधि उत्सव, 3 नवंबर को भगवान सहस्त्रबाहू जयंती व 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर का शहीदी दिवस शामिल है।