भोपाल। कमलनाथ सरकार में मंत्रियों का चयन और विभागों का विभाजन हो चुका है। अब उनके पुराने चिट्ठे खुल रहे हैं। मध्यप्रदेश के वित्तमंत्री तरुण भनोत की डिग्री की तलाश की जा रही है। 2008 में वो बीई ग्रेजुएट थे, 2018 में 12वीं पास रह गए। अब महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी पर भी सवाल उठे हैं। भाजपा का कहना है कि उनके खिलाफ महिला प्रताड़ना का मामला दर्ज है। उन्हे कम से कम यह विभाग तो नहीं देना चाहिए था। ये वही विधायक हैं जो अपनी शपथ तक ठीक तरह से पढ़ नहीं पाईं थीं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी ने इसकी कहा कि इमरती देवी के ऊपर उनकी बहू क्रांति जाटव से जोर जबरदस्ती, मारपीट और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज व विचाराधीन है। अपने रुतबे का इस्तेमाल करके इमरती देवी ने बहू का केस थाने में दर्ज नहीं होने दिया था। जिसके चलते कोर्ट से निर्देश हुआ और बाद में मामला दर्ज हुआ। कोठारी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री कमलनाथ से उन्हें मंत्रिपरिषद से हटाने की मांग की है।
कब दर्ज हुआ था मामला
यह मामला नवम्बर 2016 में दर्ज हुआ था जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। इमरती देवी समेत 5 लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया गया है। इमरती देवी सुमन के भतीजे अमृतलाल की शादी क्रांति देवी जाटव से हुई थी। क्रांति देवी ने विधायक इमरती देवी सुमन, उनके पति पूरन सिंह, भतीजे अमृत लाल, जेठ हीरा जाटव, प्रह्लाद जाटव और गार्ड लक्ष्मण यादव पर मारपीट का आरोप लगाते हुए डबरा थाने में शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 5 नवंबर को कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया। जिस पर कोर्ट ने विधायक इमरती देवी सुमन समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
सिंधिया को भगवान बताया था, कुत्ते के लिए हंगामा कर दिया था
बता दें कि मंत्री इमरती देवी ने हाल ही में ज्योतिरादित्य सिंधिया को भगवान बताया था। कहा था कि मैं उनकी रोज पूजा करती हूं। इससे पहले वो अपने पालतू कुत्ते के लापता हो जाने पर सुर्खियों में आईं थी। उन्होंने कुत्ते की तलाश में पूरी पुलिस लगा दी थी। प्रेसवार्ता बुलाकर आम जनता से मदद की अपील भी की थी।