शिक्षा विभाग: 1 स्कूल में 2 प्राचार्यों का तबादला कर दिया | JABALPUR NEWS

Bhopal Samachar
जबलपुर। शिक्षक तबादले में मचा विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ कि प्राचार्यों के ट्रांसफर में गड़बड़ी सामने आने लगी है। जिले में शासकीय स्कूल पिपरिया उमरिया हाईस्कूल में पिछले माह एक प्राचार्य का तबादला ऑनलाइन किया गया था, इसके ठीक एक माह बाद लोकशिक्षण संचालनालय ने स्कूल में दूसरे प्राचार्य का ट्रांसफर कर दिया। प्राचार्यों की तबादला सूची जब जारी हुई तो उसमें विसंगति देखकर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी हैरान हो गए। इसमें संशोधन के लिए विभागीय अधिकारियों ने लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र भेजा है।

पहले ऑनलाइन फिर ऑफलाइन तबादला कर दिया

स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षक तबादले की तर्ज पर जबलपुर सहित 17 जिलों में 91 प्राचार्यों के तबादले किए हैं। लेकिन जिले में प्राचार्य तबादले में गड़बड़ी सामने आई है। पिपरिया उमरिया स्कूल में एक प्राचार्य ने तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था जिसे स्वीकृति देते हुए लोक शिक्षण संचालनालय आदेश जारी कर दिए। इसके बाद बुधवार को 91 प्राचार्यों की प्रशासनिक तबादले की सूची जारी हुई तो उसमें भी एक प्राचार्य का तबादला उसी स्कूल में कर दिया गया।

संशोधन के लिए अधिकारियों ने भेजा पत्र

प्राचार्य में गलती सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक पत्र लोक शिक्षण संचालनालय को भेजकर मार्गदर्शन चाहा गया साथ ही एक स्कूल में दो प्राचार्य होने की जानकारी दी गई है।

वर्जन...
एक स्कूल में दो प्राचार्य नहीं हो सकते। पिपरिया उमरिया स्कूल में ऐसा प्रकरण सामने आया है इसके लिए विभागीय अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगा गया है।
सुनील कुमार नेमा, जिला शिक्षा अधिकारी
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!