MP NEWS- अरुण यादव, भोपाल में जश्न और दिल्ली में मीटिंग से क्या संकेत दे रहे हैं

Bhopal Samachar
भोपाल
। सब जानते हैं कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ, अंगद के पांव की तरह जम गए हैं लेकिन यह भी सब जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी में जो अंगद अपना पांव नहीं हटाता उसका पांव तोड़ दिया जाता है। फिलहाल चर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव की हो रही है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में जश्न और फिर भारत की राजधानी दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात करके, क्या संकेत देने का प्रयास किया जा रहा है। 

अरुण यादव की आंखों में बगावत नजर नहीं आती। प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी से उतारे जाने के बाद से कुछ दिनों पहले तक अरुण यादव केवल निमाड़ के नेता थे। अपने क्षेत्र में सक्रिय रहते थे और किसी दूसरे का दखल बर्दाश्त नहीं करते थे। लोकसभा उपचुनाव में उन्हें जो भी अनुभव हुआ शायद उसके बाद उन्होंने किसी सीक्रेट प्लान पर काम किया। इन दिनों अरुण यादव की आंखों में बगावत नजर नहीं आती लेकिन साफ दिखाई देता है कि वह किसी प्लान पर काम कर रहे हैं। 

अरुण यादव ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उस दिन होली मिलन का जश्न रखा जिस दिन कांग्रेस पार्टी में कमलनाथ सरकार की एक्सीडेंटल डेथ की बरसी मनाई जा रही थी। कमलनाथ के कैंप में शोक का वातावरण छाया हुआ था। जनता की सहानुभूति प्राप्त करने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि अरुण यादव के जश्न में कोई बड़ा नेता शामिल नहीं हुआ लेकिन सुरेश पचौरी की उपस्थिति भी काफी महत्वपूर्ण है। बात केवल इतनी होती तो नजरअंदाज कर सकते थे। 

पिछले दिनों सोनिया गांधी के घर में मध्य प्रदेश को लेकर काफी कुछ हुआ है। इनपुट क्या था और सोनिया गांधी के सामने एक्जेक्टली क्या हुआ, यह तो किसी को नहीं पता लेकिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मिलने पहुंचे। फिर अरुण यादव को बुलाया गया और फिर अजय सिंह राहुल। अरुण और अजय की जोड़ी के बारे में बताने की जरूरत नहीं। दोनों मध्य प्रदेश कांग्रेस में जय और वीरू की तरह हैं, और इनकी कहानी में कमलनाथ .... के किरदार में नजर आते हैं। 

दिल्ली से लौटने के बाद अरुण यादव राजधानी भोपाल में सक्रिय हैं। उन्होंने भोपाल के कुछ स्थानीय कार्यक्रमों में ना केवल पार्टिसिपेट किया बल्कि इस बात का उचित प्रचार प्रसार भी किया गया। वह कई नेताओं के घर जा रहे हैं, बताने की जरूरत नहीं कि राजनीति में लोग होली वाले दिन भी होली मिलने नहीं जाते, हर कदम का एक लक्ष्य, हर शब्द का एक अर्थ और हर मुलाकात का एक मकसद होता है। मध्य प्रदेश की महत्वपूर्ण खबरों के लिए कृपया mp news पर क्लिक करें.

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!