CURRENT AFFAIRS HINDI 1st WEEK MAY 2023 - UPSC एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण

Bhopal Samachar
भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 14 जुलाई को पेरिस में होने वाली बेस्टिल डे (Bastille Day) परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी भी अपने फ्रांसीसी समकक्षों के साथ परेड में भाग लेगी। इसमें कहा गया है कि भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल बेस्टिल डे परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने के फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।

भारत-इजरायल इंडस्ट्रियल रिसर्च एंड डेवलपमेंट कोऑपरेशन

भारत एवं इज़राइल ने कई प्रमुख टेक्नोलॉजी सेक्टर पर ध्यान देने के लिए औद्योगिक अनुसंधान और विकास सहयोग (Industrial Research and Development Cooperation) पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए है। इसमें एयरोस्पेस, इलेक्ट्रॉनिक्स इंस्ट्रूमेंटेशन, सिविल, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंजीनियरिंग, पर्यावरण, खनन, रसायन और पेट्रोकेमिकल्स और कृषि क्षेत्र शामिल हैं। 

शंघाई सहयोग संगठन - SCO

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 8 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक 4 और 5 मई को गोवा में आयोजित की गयी। SCO की शीर्ष बैठक जुलाई में नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी इस बैठक में भाग लिया। बिलावल भुट्टो लगभग 12 वर्षों में भारत का दौरा करने वाले पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्री है। वर्ष 2023 में भारत, शंघाई सहयोग संगठन की अध्यक्षता कर रहा है। SCO एक यूरेशियन राजनीतिक, आर्थिक, अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा संगठन है। इसकी स्थापना 2001 में की गयी थी। भारत 2017 में इसका सदस्य बना था।

नीरज चोपड़ा का गोल्ड मेडल

भारत के स्टार जैवलिन एथलीट नीरज चोपड़ा ने दोहा में आयोजित दोहा डायमंड लीग में गोल्ड मेडल जीत लिया है। यह इस सीजन का उनका पहला मेडल है और साथ ही उन्होंने इस सीजन की शानदार शुरुआत की है। 24 वर्षीय नीरज ने अपने पहले प्रयास में 88.67 मीटर का थ्रो किया। वर्ष 2018 में उन्होंने इस टूर्नामेंट में चौथा स्थान हासिल किया था। चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च ने इस इवेंट में 88.63 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वाडलेज्च ने टोक्यो ओलंपिक में भी रजत पदक जीता था।

शबनम इस्माइल दक्षिण अफ्रीका का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास

दक्षिण अफ्रीका की शबनम इस्माइल ने आधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सभी रूपों से संन्यास की घोषणा की है। उन्होंने अपने पूरे करियर में 300 से अधिक विकेट लिए हैं। उन्होंने ICC महिला T20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अंतिम मैच खेला था। उन्होंने अपने परिवार पर ध्यान देने के लिए यह फैसला लिया है।

G20 TechSprint फोर्थ एडिशन

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) ने एक ग्लोबल टेक कॉम्पटीशन 'जी20 टेकस्प्रिंट' (G20 TechSprint) लॉन्च किया है। RBI और BIS इनोवेशन हब ने संयुक्त रूप से G20 TechSprint के चौथे संस्करण की शुरुआत भी की है। आरबीआई ने कहा कि 2023 टेकस्प्रिंट क्रॉस बॉर्डर पेमेंट के लिए नई टेक्नोलॉजी विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करेगा। यह ग्लोबल टेक कॉम्पटीशन 4 जून तक दुनिया भर के डेवलपर्स के लिए खुला रहेगा।

आशुतोष दीक्षित- भारतीय वायु सेना के नए उप-प्रमुख

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का नया उप-प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह वायुसेना के आधुनिकीकरण के प्रभारी होंगे। इससे पहले आशुतोष दीक्षित गांधीनगर (गुजरात) में दक्षिण-पश्चिमी एयर कमान में वरिष्ठ वायुसेना अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। वह वायुसेना में आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भर भारत अभियान का भी हिस्सा थे। वह, वर्ष 1986 में भारतीय वायु सेना में शामिल हुए थे।

ज़ूम वीडियो कम्युनिकेशंस को टेलीकॉम लाइसेंस

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लैटफॉर्म 'ज़ूम' की पैरेंट कंपनी ज़ूम वीडियो कम्युनिकेशंस को भारतीय दूरसंचार विभाग की तरफ से देशव्यापी टेलीकॉम लाइसेंस मिल गया है। इसके तहत कंपनी अब देश में एंटरप्राइज कस्‍टमर्स को टेलीफोन सेवा प्रदान करेगी साथ ही कंपनी एंटरप्राइज कस्‍टमर्स को अपनी क्लाउड आधारित प्राइवेट ब्रांच एक्सचेंज सेवा (ज़ूम फोन) सेवा भी प्रदान करेगी। ज़ूम (Zoom), वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बेस्ड एक अमेरिकी कंपनी है।

अदानी समूह का आंध्र प्रदेश में ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने विजाग टेक पार्क की आधारशिला रखी। इस कार्यक्रम में अदानी समूह के एमडी राजेश अदानी और सीईओ करण अदानी ने भाग लिया। अडानी समूह 21,844 करोड़ रुपये के टेक पार्क में दो डेटा सेंटर स्थापित कर रहा है जिसमें से एक 200 मेगावाट का और दूसरा 100 मेगावाट का है। यह अपनी तरह की देश की सबसे बड़ी सुविधा होगी जो ग्रीन एनर्जी पर आधारित होगी।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड 

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम, सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले बैट्समैन बन गए हैं। उन्होंने मात्र 97 पारियों में 5000 रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। बाबर ने यह उपलब्धि न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलते हुए हासिल की। न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मैच में बाबर ने 117 गेंद पर 107 रन की पारी खेली। ऐसा कर बाबर ने अपने वनडे करियर का 18वां शतक ठोक दिया। बाबर ने हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ा। हाशिम अमला ने 98 पारियों में 5000 रन बनाए थे। भारत में विराट कोहली ने 112 पारियों में 5000 रन का रिकॉर्ड बनाया था। विराट कोहली भारतीय खिलाड़ियों में टॉप पर हैं। 

नियंत्रण रेखा पर आर्मी की महिला अधिकारियों की तैनाती

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने संगठनात्मक जरूरतों के अनुरूप टेरीटोरियल आर्मी (टीए) की महिला अधिकारियों की नियंत्रण रेखा पर टेरीटोरियल आर्मी की इंजीनियर रेजिमेंटों के साथ और नई दिल्ली में टीए समूह मुख्यालय/ टेरीटोरियल आर्मी महानिदेशालय में स्टाफ ऑफिसर के रूप में तैनाती को मंजूरी दे दी है। इस प्रगतिशील नीतिगत कदम का उद्देश्य महिला अधिकारियों की नियुक्ति के दायरे को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी पेशेवर आकांक्षाओं को पूरा करना है। वे अब यूनिटों और नियुक्तियों की एक विस्तृत श्रृंखला में अपने पुरुष समकक्षों की तरह ही समान स्थितियों के तहत कार्य करेंगी और प्रशिक्षण हासिल करेंगी।

ब्रिटेन में महाराजा चा‌र्ल्स तृतीय का राज्याभिषेक

ब्रिटेन में महाराजा चा‌र्ल्स तृतीय (74) का बीते दिन पूरी परंपरा और भव्यता से राज्याभिषेक हुआ। 70 साल बाद एक बार फिर निभाई गई इस शाही परंपरा के गवाह देश-विदेश से आए दो हजार अतिथि बने, करोड़ों लोगों ने टेलीविजन पर समारोह का लाइव टेलीकास्ट देखा। इससे पहले 1953 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का राज्याभिषेक हुआ था। किंग चार्ल्स थर्ड दिनांक 8 सितंबर 2022 को अपनी मां एलिजाबेथ सेकंड के निधन के बाद यूनाइटेड किंगडम के महाराजा घोषित किए गए थे। चार्ल्स III को शनिवार दिनांक 6 मई 2023 को यूनाइटेड किंगडम और 14 अन्य राष्ट्रमंडल देशों के सम्राट के तौर पर महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के उत्तराधिकारी के रूप में ताज पहनाया गया। 

प्रवासी पक्षियों के लिए 11 देशों की बैठक

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र के प्रवासी प्रजातियों पर पर्यावरण कार्यक्रम/सम्मेलन (यूएनईपी/सीएमएस) के सहयोग से मध्य एशियाई उड़ानमार्ग (सीएएफ) क्षेत्र में प्रवासी पक्षियों और उनके ठौर-ठिकानों के संरक्षण प्रयासों को मजबूती देने के लिए भ्रमण क्षेत्र वाले देशों की नयी दिल्ली में 02 से 04 मई 2023 के दौरान बैठक आयोजित की। मध्य एशिया उड़ानमार्ग क्षेत्र के अर्मेनिया, बांग्लादेश, कज़ाखस्तान, क्रिग़िस्तान, कुवैत, मंगोलिया, ओमान, सउदी अरब, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान सहित 11 देशों ने इस बैठक में भाग लिया। इनके अलावा सीएमएस, एईडब्ल्यूए और शिकारी पक्षी (रैप्टर) एमओयू के सचिव तथा राज्यों के मुख्य वन्यजीव वार्डन्स, भारत स्थित वैज्ञानिक संस्थान, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विषय से जुड़े विशेषज्ञों ने भी बैठक में भाग लिया।

✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें एवं यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!