MP NEWS- कांग्रेस विधायक लाखन सिंह सीएम हाउस क्यों गए थे, यहां पढ़िए राजनीति के 3 राज

Bhopal Samachar

Madhya Pradesh Chunav politics news

ग्वालियर चंबल क्षेत्र की भितरवार विधानसभा से कांग्रेस पार्टी के विधायक श्री लाखन सिंह यादव पिछले दिनों अचानक मुख्यमंत्री के निवास में आए। चुनाव से पहले उनका इस प्रकार से सीएम हाउस आना कई सवालों को जन्म दे गया। हमने सभी सवालों के उत्तर जानने की कोशिश की है। आइए समझते हैं कि विधायक श्री लाखन सिंह के सीएम हाउस आने के क्या और कितने कारण हो सकते हैं। 

सबसे पहले मीडिया के कयास और लाखन सिंह का जवाब

कांग्रेस पार्टी के विधायक श्री लाखन सिंह जिस दिन सीएम हाउस आए उसी दिन भारतीय जनता पार्टी के श्री दीपक जोशी, कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे। मीडिया ने कयास लगाए कि पूर्व विधायक श्री दीपक जोशी के जवाब में विधायक श्री लाखन सिंह यादव को भाजपा में शामिल करवाया जा रहा है। श्री लाखन सिंह ने बताया कि वह मुख्यमंत्री से मिलने नहीं आए तो बल्कि किरार समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह से मिलने के लिए आए थे। 4 जून को भोपाल में किरार समाज का परिचय सम्मेलन है। उसी की तैयारियों के सिलसिले में चर्चा करने आए थे। 

भोपाल समाचार डॉट कॉम ने जब श्री लाखन सिंह से पूछा कि क्या वह किरार समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पदाधिकारी हैं, उन्होंने बताया कि वह किसी भी पद पर नहीं है। श्री लाखन सिंह ने यह भी नहीं बताया कि समाज के परिचय सम्मेलन में उन्हें क्या जिम्मेदारी मिली है। 

मैं तो नरोत्तम मिश्रा से लड़ने की तैयारी कर रहा हूं: विधायक लाखन सिंह

भोपाल समाचार डॉट कॉम से बातचीत के दौरान श्री लाखन सिंह ने बताया कि वह भितरवार विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता एवं गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा दतिया विधानसभा से विधायक हैं एवं भोपाल में चर्चा है कि श्री लोकेंद्र पाराशर को मीडिया प्रभारी के पद से इसलिए मुक्त किया गया है ताकि वह भितरवार में विधानसभा चुनाव की तैयारी कर सकें। हालांकि, भाजपा के कुछ नेताओं का मानना है कि डॉ मिश्रा के लिए दतिया काफी कठिन सीट हो गई है। इसलिए इनकार नहीं किया जा सकता कि, डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा भितरवार वापस लौट आएं। 

विधायक लाखन सिंह कहां से चुनाव लड़ेंगे

अब प्रश्न यह उपस्थित होता है कि, यदि डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा भितरवार से चुनाव लड़ेंगे तो भितरवार के विधायक श्री लाखन सिंह यादव कहां से चुनाव लड़ेंगे। श्री लाखन सिंह यादव की जीपीएस लोकेशन बताती है कि अपनी विधानसभा के अलावा शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा में उनके काफी अच्छे संपर्क हैं। इसलिए, इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि श्री लाखन सिंह यादव, भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा से चुनाव लड़ें, क्योंकि राज्य मंत्री श्री सुरेश धाकड़ का टिकट काटना पक्का माना जा रहा है। 

बड़ा सवाल- कमलनाथ की अनुमति के बिना सीएम हाउस क्यों गए

यहां कांग्रेस पार्टी में बड़ा सवाल यह है कि विधायक लाखन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस पार्टी के सीएम कैंडिडेट श्री कमलनाथ की अनुमति के बिना सीएम हाउस क्यों गए। कांग्रेस पार्टी में गंभीर अनुशासनहीनता माना जाता है। एक बार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, श्री कमलनाथ की जानकारी के बिना मुख्यमंत्री से मिलने गए थे। उसके बाद क्या हुआ सब जानते हैं। 

✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें एवं यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!