MP NEWS- सत्ता की तरफ दौड़ते कमलनाथ को कांटा लगा, कांग्रेस के कुतर्क पर हैरानी

Bhopal Samachar

Madhya Pradesh Chunav politics news

पिछले कुछ दिनों में जैसे मध्यप्रदेश का माहौल ही बदल गया था। हर अगले दिन कमलनाथ का ग्राफ बढ़ता जा रहा था और शिवराज सिंह चौहान से आगे निकल गया था। अभी भी आगे है परंतु आज सत्ता की तरफ दौड़ते कमलनाथ को कांटा लगा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑफिशल टि्वटर अकाउंट से कार्तिकेय सिंह चौहान की प्रतिक्रिया पर जो कुतर्क तर्क प्रस्तुत किए गए हैं, सब हैरान है। क्या रविवार को वह व्यक्ति छुट्टी पर है जो शनिवार तक ट्विटर संभाल रहा था। 

कांग्रेस और कार्तिकेय के विवाद का मामला क्या है, पढ़िए

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी मैरिज एनिवर्सरी के दिन एक फोटो शेयर किया। जिसमें श्रीमती साधना सिंह भोजन पका रही है और श्री शिवराज सिंह चौहान उनके नजदीक बैठे हैं। बिलकुल वैसे ही जैसे मध्यप्रदेश में दंपति परिवार में रहते हैं। विवाह की वर्षगांठ नितांत व्यक्तिगत मामला है। इस पर या तो शुभकामनाएं दी जा सकती हैं या फिर चुप रहा जा सकता है, राजनीति तो कतई नहीं की जा सकती लेकिन कांग्रेस पार्टी के डिजिटल योद्धाओं का कॉन्फिडेंस, ओवरकॉन्फिडेंस में बदल रहा है। 

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑफिशल टि्वटर हैंडल से। इस फोटो पर प्रतिक्रिया दी गई कि, आदरणीय मामी जी! अब आपकी जल्दी ही चूल्हा फूटने की तकलीफ खत्म होने वाली है। क्योंकि कमलनाथ जी के मुख्यमंत्री बनते ही आपको भी ₹500 में गैस सिलेंडर मिलेगा। 

श्री कमलनाथ की टीम ने यह प्रतिक्रिया लिखते समय शायद बिल्कुल नहीं सोचा होगा कि इस उद्दंडता के क्या परिणाम हो सकते हैं। भाजपा के लोग श्री कमलनाथ के पिता अथवा उनकी पत्नी को लेकर भी कोई टिप्पणी कर सकते हैं। राजनीतिक प्रतिद्वंदिता की एक सीमा होती है। और मध्य प्रदेश में राजनीति हमेशा मर्यादा में रहती है। इस प्रकार की टिप्पणियों को मध्यप्रदेश में पॉलिटिकल क्राइम माना जाता है। शुक्र है, शिवराज सिंह समर्थकों द्वारा श्री कमलनाथ की पत्नी और परिवार के प्रति कोई टिप्पणी नहीं की गई। 

शिवराज सिंह के पुत्र ने संतुलित प्रतिक्रिया व्यक्त की 

श्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र श्री कार्तिकेय सिंह चौहान ने इस मामले में मर्यादित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि, मेरी माँ 32 साल से पिताजी के पीछे उनकी ताकत बनकर खड़ी रही, सुख और दु:ख में उनका संबल बनीं, लेकिन कांग्रेस रिश्तों की पवित्रता, प्रेम, को नहीं समझती, वो हर बात में राजनीति देखती है।

आखिर करें भी क्यों ना, चरित्र शब्द की समझ कांग्रेस के नेताओं को कम है। जनता की सेवा पिताजी के लिए पहला कर्तव्य है। परिवार के लिए उन्हें समय कम ही मिलता है, और ऐसे कुछ पल वो कभी-कभी साझा करते हैं, लेकिन कितनी गिरी है कांग्रेसी सोच कि राजनैतिक फायदे के लिए उसे भी निशाना बना रही है। बजरंग बली मेरे माता-पिता के इन खूबसूरत पलों को बुरी नज़र से बचायें। 

अब कांग्रेस पार्टी का कुतर्क पढ़िए

श्री कार्तिकेय सिंह चौहान की प्रतिक्रिया पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑफिशल टि्वटर हैंडल से फिर रिप्लाई किया गया। लिखा गया कि, हे ! युवराज, माता-पिता के प्रति आदर हम सबके मन में है, लेकिन,
- आपको उन बहन-बेटियों को दर्द क्यों नहीं दिखता जिनके घर में आपके पिता की दी हुई महंगाई ने कोहराम मचा रखा है।
- जब आप अमेरिका में पढ़ाई कर रहे थे तब आपके पिता जी की सरकार मंदसौर में किसानों के बच्चों को गोलियों से भून रही थी।
- आपको उन युवाओं का दर्द क्यों नहीं दिखता जो आपके पिता जी की सरकार में भर्ती के इंतज़ार में ओवरऐज होकर घर बैठ गये।
- आपको आपके पिताजी के शासनकाल में हुये व्यापम, ईटेंडर, कारम डैम, पोषण आहार, पुलिस भर्ती, पेसा समन्वयक भर्ती जैसे हज़ारों घोटालों पर अफ़सोस क्यों नहीं होता।
- आपके पिताजी लोकतंत्र की हत्या कर कुर्सी पर बैठे हैं। आपको कभी इस बात पर अफ़सोस क्यों नहीं होता ?
- आपके पिताजी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार बलात्कार में पूरे देश में नंबर वन आता रहा है, आपको अफ़सोस कब होगा ?
- आदिवासियों पर अत्याचार में मध्यप्रदेश पूरे देश हमें नंबर वन है, ये आपको भी दिखता होगा ?

इसलिए अमेरिका रिटर्न युवराज से प्रार्थना है कि आप भी नारी सम्मान योजना का जमकर प्रचार प्रसार करें और अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़कर उन्हें लाभ दिलायें व अपने पिताजी के जंगलराज से मध्यप्रदेश को मुक्ति दिलाने के लिये प्रभु हनुमान की नियमित उपासना करें। 

निष्कर्ष 

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ऑफिशल टि्वटर हैंडल पर 1100000 फॉलोअर हैं। यह सभी कमलनाथ और कांग्रेस पार्टी के भक्त नहीं है, उम्मीद है कि पैसे देकर खरीदें भी नहीं गए होंगे। कमलनाथ की घोषणा और पॉलिसी अच्छी लग रही है इसलिए मध्य प्रदेश के नागरिक फॉलो कर रहे हैं, लेकिन शिवराज सिंह के ट्वीट पर रिप्लाई और फिर श्री कार्तिकेय सिंह चौहान की प्रतिक्रिया पर जो कुतर्क दिया गया है, वह फॉलोअर्स की संख्या कम करें या ना करें लेकिन उनके मन में कमलनाथ के प्रति सम्मान की भावना जरूर कम होगी। 

✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें एवं यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!