MP NEWS- शिवपुरी में ज्योतिरादित्य सिंधिया को सबसे बड़ा नुकसान, बैजनाथ की वापसी

Bhopal Samachar

Madhya Pradesh election politics news 

मध्य प्रदेश की गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट के नेता श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भाजपा में शामिल होने के बाद सबसे बड़ा नुकसान हुआ है। कोलारस विधानसभा क्षेत्र में दशकों से सिंधिया परिवार के कट्टर समर्थक बैजनाथ सिंह यादव अपने पूरे कुनबे के साथ कांग्रेस पार्टी में वापस जा रहे हैं। भोपाल समाचार डॉट कॉम से चर्चा के दौरान उन्होंने इसकी पुष्टि कर दी है। 

बैजनाथ सिंह का 5km लंबा काफिला बदरवास से भोपाल आएगा

श्री रामवीर सिंह यादव ने भोपाल समाचार डॉट कॉम को बताया कि दिनांक 14 जून 2023 को सूर्योदय के साथ ही 500 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला बदरवास से भोपाल के लिए रवाना होगा। सुबह 11:00 बजे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पहुंच जाएंगे। यहां पर घर वापसी के लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस के सर्वमान्य नेता कमलनाथ स्वयं उपस्थित रहेंगे। श्री यादव ने बताया कि, केवल बदरवास ही नहीं बल्कि गुना शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र के हजारों लोग उनके साथ घर वापसी कर रहे हैं। 

कांग्रेस के लिए बैजनाथ सिंह फायदे का सौदा

कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता श्री अजीत भदौरिया ने कहा कि, श्री बैजनाथ सिंह जी यादव को कांग्रेस पार्टी में वापस लेने का निर्णय प्रदेश नेतृत्व करता है तो निश्चित रूप से शिवपुरी जिले में कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान होगी और आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को श्री बैजनाथ सिंह जी के अनुभव का लाभ मिलेगा। 

भाजपा जिलाध्यक्ष मीटिंग में व्यस्त

याद दिलाना अनिवार्य है कि श्री बैजनाथ सिंह यादव वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं। इस समाचार की पुष्टि के बाद जब भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री राजू बाथम से उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई तो उनके निजी सचिव ने बताया कि वह मीटिंग में व्यस्त हैं। 

अब मैं क्या कहूं: धैर्यवर्धन शर्मा 

भारतीय जनता पार्टी में धैर्यवर्धन शर्मा जमीनी कार्यकर्ता हैं। स्कूल कॉलेज के समय जब उनके दोस्त क्रिकेट की किट लेकर मैदान में नजर आते थे तब धैर्यवर्धन शर्मा भाजपा का झंडा लेकर सड़कों पर घूमते दिखाई देते थे। पार्टी ने भी धैर्यवर्धन शर्मा को पर्याप्त महत्व दिया था। प्रदेश का प्रवक्ता बनाया था लेकिन श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जब अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए तो श्री धैर्यवर्धन शर्मा के स्थान पर श्री बैजनाथ सिंह यादव को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बना दिया गया था। अब श्री यादव भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापस जा रहे हैं। इस अवसर पर श्री धैर्यवर्धन शर्मा से उनकी प्रतिक्रिया मांगी तो उनके पास अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए शब्द में ही थे। 

अभी तो मेरा ही टिकट फाइनल नहीं है: महेंद्र सिंह यादव 

श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव के कारण कोलारस विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के निर्धारित प्रत्याशी माने जा रहे श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि, यह हमारे परिवार की महाभारत है। जहां तक चुनाव की बात है तो इसके लिए मैं क्या कहूं। अभी तो मेरा ही टिकट फाइनल नहीं है। सबसे पहली दावेदारी विधायक महोदय की है। पार्टी अपने सर पर सर्वे करा रही है। सर्वे में जो नतीजा सामने आएगा उसी को टिकट मिलेगा। 

विधायक वीरेंद्र सिंह रघुवंशी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी

इस मामले में विधायक श्री वीरेंद्र रघुवंशी से भी प्रश्न किया गया परंतु उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। माना जा रहा है कि श्री बैजनाथ सिंह यादव के कांग्रेस में चले जाने से कोलारस विधानसभा सीट पर भाजपा को बड़ा नुकसान होगा। यहां कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था। भारतीय जनता पार्टी के लिए 100% कंफर्म सीट मानी जा रही थी। 

✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें एवं यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!