MP NEWS- सिंचाई विभाग के 60 वर्षीय SDO का हनी ट्रैप, 17 साल की लड़की के रेप का आरोप

Bhopal Samachar
रिटायरमेंट की उम्र तक आ चुके जल संसाधन विभाग, मध्य प्रदेश शासन के 60 वर्षीय SDO मोबाइल वाली अप्सरा के जाल में फंस गए। महिला ने साजिश के तहत कॉल लगाया और गलती से लग गया कहकर SDO का लालच नाप लिया। मात्र 3 महीने के भीतर SDO हनी ट्रैप हो गए। उनकी कहानी के अनुसार, 9 लाख रुपए देने के बाद भी ब्लैकमेल का सिलसिला बंद नहीं हुआ। उन्होंने आरोपी महिला के खिलाफ FIR दर्ज कराई है लेकिन इसके ठीक 2 घंटे बाद एक 17 साल की लड़की ने उन पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करवा दी है। 

बिना जान पहचान के वीडियो कॉल पर सब कुछ कर डाला

मामला ग्वालियर का है। जहां श्योपुर में सिंचाई विभाग में पदस्थ SDO श्रीधर लाल अटेरिया (60) मंगलवार रात ग्वालियर के पड़ाव थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि करीब तीन महीने पहले उन्हें अनजान नंबर से एक महिला का फोन कॉल आया। उसने अपना नाम सुमन वर्मा बताया। थोड़ी देर बात करने के बाद फोन कट हो गया। इसके बाद उन्हें लगातार सुमन के फोन आने लगे। फिर दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पहले साधारण बातें होती रहीं। धीरे-धीरे निजी बातचीत होने लगी। वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल में भी काफी कुछ ऐसा हुआ जिसका विवरण नहीं दिया जा सकता। एसडीओ अटेरिया का कहना है कि, जो कुछ भी हुआ वह दोनों का प्राइवेट था परंतु महिला ने उस वीडियो को रिकॉर्ड कर लिया और कुछ फोटो भी बना लिए।

सुमन ने लिख कर दिया था FIR दर्ज नहीं कराएगी

SDO श्रीधर लाल अटेरिया ने पुलिस को बताया कि, इसके बाद उन्होंने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 6 जुलाई को महिला ने उन्हें कॉल करके 10 लाख रुपए मांगे। रकम ग्वालियर आकर देने के लिए कहा। SDO ग्वालियर पहुंचकर पड़ाव थाना क्षेत्र के होटल रॉयल विलास में ठहरे। सुमन अपने साथ अभिदेव नाम के युवक और एक नाबालिग लड़की को लेकर आई। अटेरिया ने पांच लाख रुपए दे दिए, लेकिन वे लोग 10 लाख पर अड़े रहे। रुपए नहीं देने पर रेप का केस दर्ज कराने की धमकी दी। इस पर एसडीओ ने चार लाख रुपए और मंगवा कर दिए। सुमन ने लिखकर भी दिया कि वह उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराएगी। इसके बाद अटेरिया श्योपुर लौट आए।

सुमन ने फिर से कॉल किया तो SDO ने FIR दर्ज करवा दी
दूसरे दिन सुमन वर्मा ने फिर कॉल किया और रुपयों की मांग की। अधिकारी समझ गए कि ये लोग लगातार ब्लैकमेल करते रहेंगे। इसके बाद वे पड़ाव थाना पहुंचे। यहां फोटो, वीडियो, चैटिंग भी पुलिस को सौंपी। शिकायत पर पुलिस ने रात करीब 12 बजे सुमन, अभिदेव और नाबालिग लड़की के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

2 घंटे बाद नाबालिग ने SDO के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी

इसके दो घंटे बाद राजस्थान के हनुमान गढ़ की रहने वाली 17 साल की लड़की रात 2 बजे पड़ाव थाने पहुंची। यहां उसने SDO श्रीधर लाल अटेरिया के खिलाफ नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसकी मामी और SDO अटेरिया एक-दूसरे को जानते थे। एसडीओ ने कहा था कि 20 हजार रुपए में वह नाबालिग की नौकरी लगवा देगा।

नाबालिग ने कहा कि उसे नौकरी की जरूरत थी। बात करने पर एसडीओ ने 6 जुलाई को होटल रॉयल विलास में मिलने बुलाया। रूम नंबर 102 में नाबालिग, उसकी मामी और मामा ठहरे थे, जबकि रूम नंबर 104 में SDO रुके। रात 11:30 बजे जब मामा-मामी खाना लेने गए थे, तो SDO ने लड़की को अपने कमरे में बुलाया। यहां धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बदनाम करने की धमकी देकर चुप करा दिया।

पड़ाव थाने के टीआई प्रशांत सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है। जो तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

✔ पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार पढ़ने के लिए कृपया यहां क्लिक कीजिए
✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें 
✔ यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। 
✔ यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं। 
क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!