MP NEWS - ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में अपना जलवा दिखाएंगे, समर्थकों के सैलाब की तैयारी

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश की राजनीति में विशिष्ट स्थान बनाए रखने और लोकसभा चुनाव में अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेता को दिल्ली में अपना जलवा दिखाएंगे। समस्त सिंधिया समर्थकों को सूचित कर दिया गया है कि, महाराज साहब के जन्मदिन वाले दिन सबको दिल्ली दरबार में हाजिर होना है। 

सिंधिया समर्थकों के नाम श्रीमंत महाराज साहब का संकेत

ग्वालियर के जय विलास पैलेस से मध्य प्रदेश की सत्ता में अपनी मजबूत भागीदारी बनाए रखने वाले केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ऑनलाइन टीम द्वारा, सभी को सूचित किया गया है कि, केंद्रीय मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया दिनांक 1 जनवरी2024 को अपने जन्मदिन के अवसर पर दिल्ली निवास (27 सफदरगंज) पर पार्टी कार्यकर्ताओं से सुबह 10 बजे से 12 बजे तक मुलाकात कर उनकी आत्मीय शुभकामनाएं स्वीकार करेंगे। 

श्रीमंत महाराज साहब दिल्ली में जन्मदिन क्यों मना रहे हैं!

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश की सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सन 2012 से ही विशेष अभियान पर हैं। सन 2013 का विधानसभा का चुनाव कांग्रेस पार्टी जीत नहीं पाई परंतु श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस चुनाव अभियान में मध्य प्रदेश के एक बड़े प्रभावशाली नेता के रूप में सामने आ गए थे। सन 2018 के विधानसभा चुनाव में "अबकी बार सिंधिया सरकार" नारे के साथ उनके समर्थकों ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित कर दिया था। चुनाव में कांग्रेस की जीत होने के बाद श्री सिंधिया मुख्यमंत्री नहीं बन पाए परंतु कमलनाथ सरकार में उनकी दमदार भागीदारी थी। इसके बाद भी गड़बड़ हुई तो उन्होंने मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करवा दिया। भाजपा की शिवराज सिंह सरकार में उन्हें उनकी मर्जी के मंत्रालय दिए गए। 

सन 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में श्री सिंधिया के समर्थकों को वाइल्ड कार्ड एंट्री टिकट दिए गए, लेकिन मंत्रिमंडल के चयन में श्री सिंधिया का वजन थोड़ा काम हो गया। उनके समर्थकों का मानना है कि यदि मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान का विकल्प चाहिए था तो महाराज साहब के कैंप से श्री तुलसीराम सिलावट को लेना चाहिए था। मुख्यमंत्री पद के लिए श्री सिलावट हर प्रकार से योग्य उम्मीदवार थे। शायद यही कारण है कि श्री सिंधिया, भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को अपने समर्थकों की संख्या बताना चाहते हैं। दिल्ली में धूमधाम से उनके जन्मदिन के जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। 

⇒ पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार पढ़ने के लिए कृपया यहां क्लिक कीजिए। ✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें  ✔ यहां क्लिक करके भोपाल समाचार का व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करें। ✔ यहां क्लिक करके भोपाल समाचार का टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!