मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रामेश्वरम और भोपाल की घटना पर दुख व्यक्त किया - MP NEWS

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रामेश्वरम और भोपाल की घटनाओं पर दुख व्यक्त किया है। रामेश्वरम में एक बस एक्सीडेंट में उज्जैन और देवास की दो महिलाओं की मृत्यु हो गई। भोपाल में आवारा कुत्तों ने 7 साल के मासूम बालक को मार डाला। 

मुख्यमंत्री ने डिप्टी कलेक्टर और सीएसपी को उज्जैन से मदुरै भेजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने  तमिलनाडु के रामेश्वरम जिले में हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। घायलों का रामेश्वरम और मदुरै के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन कलेक्टर और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के‍ निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर और सीएसपी को उज्जैन से मदुरै भेजा गया है। 

दिवंगत यात्रियों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बस दुर्घटना का समाचार मिलते ही उज्जैन कलेक्टर और पुलिस प्रशासन से दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बस में मध्यप्रदेश के 21 यात्री सवार थे। दुर्घटना में मध्यप्रदेश के उज्जैन और धार जिले की एक-एक महिला की मृत्यु हो गई है। इस घटना में 19 यात्री घायल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹2-2 लाख तथा सामान्य घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता राशि देने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार के लिए भी निर्देशित किया है।

भोपाल की घटना में पीड़ित परिवार को 4 लाख की आर्थिक सहायता

डॉ मोहन यादव ने स्ट्रीट डॉग के काटने से भोपाल में एक बालक की मौत पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि इस तरह की घटना ना हो, इसके लिए प्रबंध किए जाएं। मुख्यमंत्री ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समाज से सुझाव भी आमंत्रित किये। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बालक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश भी दिये।

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!