LIC employees news - सैलेरी इंक्रीमेंट के आदेश जारी, होली से पहले गुड न्यूज़

Bhopal Samachar

भारत की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम द्वारा एक लाख से अधिक कर्मचारियों के वेतन में 17% की वृद्धि के आदेश जारी हो गए हैं। इससे पहले भारत के सभी बैंक कर्मचारियों की वेतन में 17% की वृद्धि हुई थी। उसके बाद से ही सुनिश्चित हो गया था कि एलआईसी के कर्मचारियों की वेतन में भी 17% की वृद्धि होगी। 

एलआईसी कर्मचारियों के लिए वेतन वृद्धि का यह फैसला एक अगस्त, 2022 से प्रभावी है। इसके साथ एलआईसी में एक अप्रैल, 2010 के बाद शामिल हुए लगभग 24,000 कर्मचारियों का एनपीएस योगदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके साथ ही, एलआईसी के 30,000 से ज्यादा पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को वन-टाइम एक्स-ग्रेसिया पेमेंट्स को मंजूरी दी गई है। इस सप्ताह की शुरुआत में सरकार ने एक नवंबर, 2022 से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों के लिए 17 प्रतिशत वेतन वृद्धि पर सहमति जताई थी। 

चुनाव से पहले 7 राज्यों के सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता में वृद्धि

भारत सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिए जाने के बाद अब राज्य सरकारों द्वारा अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया जा रहा है। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले 7 राज्यों द्वारा महंगाई भत्ता में वृद्धि के आदेश जारी कर दिए गए। 
 

हरियाणा में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 50%

हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA Hike) को बढ़ाने का ऐलान किया है। राज्य के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता अब 4 फीसदी बढ़कर मिलेगा। अब यह 46 फीसदी से बढ़कर 50 फीसदी हो गया। महंगाई भत्ता 1 जनवरी, 2024 से लागू होगा। डीए का भुगतान मार्च की सैलरी के साथ अप्रैल में किया जाएगा।

झारखंड में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 50%

झारखंड सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों का डीए बढ़ाकर मूल वेतन का 50 फीसदी कर दिया है। अभी तक यह 46 फीसदी था। एक अधिकारी ने मंगलवार (12 मार्च) को कहा कि महंगाई भत्ते में वृद्धि इस साल एक जनवरी से लागू होगी। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य सरकार के कर्मचारियों का डीए और पेंशनभोगियों के लिए डीआर को बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। 

कर्नाटक में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 42.5% 

कर्नाटक सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों का डीए 38.75 फीसदी से बढ़ाकर 42.5 फीसदी करने की मंजूरी दी है। एक आधिकारिक बयान में मंगलवार (12 मार्च) को कहा गया कि केंद्रीय वेतनमान पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 46 फीसदी से बढ़ाकर 50 फीसदी किया गया है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि इस संशोधन से राज्य पर हर साल 1,792.71 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। यह कर्मचारियों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों का चार प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार (15 मार्च) को बताया कि राज्य सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के सातवें वेतनमान में 4 फीसदी महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है, साथ ही पेंशनभोगियों की महंगाई राहत में भी 4 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि यह महंगाई भत्ता और महंगाई राहत 1 मार्च, 2024 से दिया जाएगा।

बिहार में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 50%

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट में हुई अहम बैठक में फैसला लिया गया है कि सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 फीसदी का इजाफा किया जाएगा। इसी के साथ डीए 46 फीसदी से बढ़ कर 50 फीसदी हो गया है।

मध्य प्रदेश में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 46%

मध्य प्रदेश सरकार ने भी कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में चार प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। मध्य प्रदेश में कर्मचारियों को इस आदेश के पहले 42% महंगाई भत्ता मिल रहा था। वृद्धि के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 46% हो गया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!