BHOPAL NEWS - विश्वास सारंग समर्थक महिलाओं ने नेता और उप नेता प्रतिपक्ष को थाने में घेरा

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर पुलिस थाने में कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्री विश्वास सारंग के समर्थन में महिलाओं ने नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार और उप नेता प्रतिपक्ष श्री हेमंत कटारे की घेराबंदी कर डाली। दोनों नेता मध्य प्रदेश नर्सिंग कॉलेज मान्यता एवं संबद्धता घोटाला में अपराधिक प्रकरण दर्ज करवाने के लिए आए थे। महिलाओं की अप्रत्याशित नारेबाजी के कारण कांग्रेस पार्टी के दोनों नेता अपनी कार में सवार होकर पुलिस थाने से चले गए। 

उमंग और हेमंत दोनों महिलाओं का अपमान करते हैं

प्रदर्शनकारी महिलाओं में से कुछ महिलाओं ने अपना नाम श्रीमती सुषमा चौहान, सुनीता प्रमोद शुक्रवारे, सतविंदर कौर, रोहिणी सिंह, सरिता सिटोके एवं शोभा वाघ बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन महिला उत्थान व सशक्तिकरण मंच के बैनर तले किया जा रहा है। महिलाओं ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उपनेता प्रतिपक्ष हेमन्त कटारे का व्यवहार महिलाओं व युवतियों के प्रति अशोभनीय व अपमानजनक रहा है और दोनों के खिलाफ बलात्कार के मामले दर्ज हो चुके हैं।

महिला को डरा धमका कर प्रकरण वापस करवा लिया था

महिला उत्थान व सशक्तिकरण मंच की महिलाओं ने टीटी नगर थाना प्रभारी को ज्ञापन देकर दोनों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही किये जाने की मांग भी की है। उन्होंने अपने ज्ञापन में कहा है कि उमंग सिंघार के खिलाफ इंदौर की एक महिला ने बलात्कार, जान से मारने की धमकी व अन्य धाराओं के अंतर्गत नवगाओं थाना जबलपुर में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। इसी प्रकार इंदौर की ही एक अन्य महिला ने मध्यप्रदेश विशेष न्यायाधीश भोपाल में प्रकरण दर्ज किया था, जिसमें उमंग सिंघार द्वारा 9 लाख रूपयों की धोखाधड़ी व फर्जीवाड़ा किया गया था परन्तु उमंग सिंघार द्वारा अपनी राजनैतिक पहुंच और आपराधिक चरित्र के बलपूर्वक उक्त महिला को डरा धमका कर उससे वह प्रकरण वापस करवा लिया था।

हेमंत कटारे पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे हैं

महिला उत्थान व सशक्तिकरण मंच की महिलाओं ने अपने ज्ञापन में कहा कि उपनेता प्रतिपक्ष हेमन्त कटारे के खिलाफ एक युवती ने भोपाल के महिला थाने में अपराध क्रमांक 35/2018 के अंतर्गत धारा 342, 376 ए, 376 (2) (एन), 506 भारतीय दंड संहिता (45 of 1860) व अपराध क्रमांक 27/2018 अंतर्गत धारा 365, 384, 386, 506,120-बी भारतीय दंड संहिता (45 of 1860) अपराध दर्ज है। इसके साथ हेमन्त कटारे पर अनेक थानों में प्रकरण दर्ज हैं और उन्हें माननीय उच्च न्यायालय से राहत नहीं मिली है। वे अभी फरार चल रहे हैं इसलिए उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाये। 

प्रदर्शनकारी महिलाओं का विश्वास सारंग से क्या कनेक्शन 

प्रदर्शनकारी महिलाओं का नेतृत्व करने वाली महिलाओं को मंत्री विश्वास सारंग के कार्यक्रमों में भी देखा गया है। सोशल मीडिया पर भी महिलाओं ने स्वयं को विश्वास सारंग का समर्थक बताया है। प्रदर्शन के दौरान जिस महिला ने अपना नाम सुनीता बताया था, सोशल मीडिया पर उसकी प्रोफाइल अनीता के नाम से मिली। यह प्रदर्शन विश्वास सारंग के समर्थन में इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि, आज दिनांक 16 जुलाई 2024 को कांग्रेस पार्टी के दोनों नेताओं के खिलाफ टीटी नगर पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन करने का कोई मुहूर्त नहीं था। आज ना तो महिला दिवस है और ना ही कोई ऐसा कारण जो दोनों नेताओं के खिलाफ उनके घर अथवा किसी सार्वजनिक स्थान को छोड़कर, किसी पुलिस थाने में प्रदर्शन करने का अवसर उपस्थित होता हो। एक सवाल और कितनी सारी महिलाओं को कैसे पता चल गया कि दोनों नेता पुलिस थाने में बैठे हैं। 

कांग्रेस नेताओं ने विश्वास सारंग के खिलाफ FIR दर्ज करने हेतु आवेदन दिया

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि, नर्सिंग कॉलेज घोटारे में तत्कालीन मंत्री विश्वास सारंग की अहम् भूमिका है। नियम और कायदों में हेर-फेर करके अवैध कालेजों को मान्यता दी। इनकी शह पर प्रदेश में सबसे बड़ा नर्सिंग कॉलेज घोटाला हुआ। इस में लिप्त सभी आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। आज टी.टी नगर थाने में नर्सिंग कॉलेज घोटाले को लेकर विश्वास सारंग पर कार्यवाही हेतु थाना प्रभारी को ज्ञापन/आवेदन दिया।

विनम्र अनुरोध 🙏कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। भोपाल के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Bhopal पर क्लिक करें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!