GYM ज्वाइन करने के तीसरे दिन हार्ट फेल और मौत, भारत का प्रसिद्ध लेजर आर्टिस्ट नहीं रहा - INDORE

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश के इंदौर में 56 दुकान इलाके में 32 वर्षीय प्रसिद्ध लेजर आर्टिस्ट अर्पित पांचाल की अचानक मृत्यु हो गई। उनकी ना तो कोई मेडिकल हिस्ट्री है और ना ही उन्हें कोई बुरी लत लगी हुई थी। सामान्य दिनचर्या में केवल एक परिवर्तन आया था। तीन दिन पहले उन्होंने अपनी फिटनेस के लिए जिम ज्वाइन की थी। 

पत्नी का ब्लड टेस्ट करवाने के लिए अस्पताल गया था

अर्पित पांचाल ने इंदौर से बीई किया था। वे मेटल पर लेजर से आर्ट बनाने का काम करते थे। फिल्म प्रोडक्शन से भी जुड़े थे। सेहत को लेकर काफी गंभीर रहते थे। परिवार में पत्नी भावना, 5 साल की बेटी मितांशी, पिता संतोष और मां किरण हैं। अर्पित के पिता संतोष पांचाल ने बताया, 'घटना वाले दिन सुबह 6 बजे अर्पित जिम गया था। डेढ़ घंटे बाद लौटा। बहू बीमार थी तो ब्लड टेस्ट कराने के लिए अस्पताल ले गया। 

जिम से लौटने के बाद सीने और पेट में दर्द हुआ था

अर्पित की पत्नी भावना ने बताया, 'अर्पित ने तीन दिन पहले ही जिम जाना शुरू किया था। 27 जुलाई को जिम से लौटे, तब ठीक थे। कुछ देर बाद कहा- सीने और पेट में दर्द हो रहा है। फिर सामान्य भी हो गए। इसके बाद खुद कार चलाकर अस्पताल तक ले गए।

डॉक्टर ने ईसीजी को नॉर्मल बताया था

अस्पताल में फिर उन्होंने कहा कि सीने में दर्द हो रहा है। ईसीजी कराने के बाद डॉक्टर से मिले। डॉक्टर ने बताया कि सब नॉर्मल है। कोई चिंता की बात नहीं है। डॉक्टर से मिलने के बाद हम छप्पन दुकान आ गए। यहां उन्हें अटैक आ गया। फिर से दर्द होना शुरू हुआ और सीढ़ी पर ही गिर गए। हम कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टर ने कहा कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया था उनकी मृत्यु हो चुकी थी।'

ना कोई बीमारी और ना ही बुरी लत

पिता संतोष पांचाल ने बताया, 'अर्पित अपनी सेहत का बहुत ध्यान रखता था। उसे ब्लड प्रेशर, डायबिटीज जैसी बीमारी भी नहीं थी। 6 महीने पहले जिम जाना छोड़ दिया था लेकिन तीन दिन से फिर जाने लगा था। जब दोस्त पार्टी का कहते थे तो हमेशा मना कर देता था।'

फास्ट फूड और जंक फूड भी नहीं खाता था

मां किरण ने बताया कि बेटा फास्ट फूड और जंक आइटम से परहेज रखता था। सिगरेट, गुटखा, पान और शराब भी नहीं लेता था। परिवार के नजदीकी राजेश मिश्रा ने कहा, 'अर्पित को खान-पान में सादगी पसंद थी।'


बॉलीवुड स्टार्स को गिफ्ट कर चुके हैं मेटल आर्ट आइटम

अर्पित ने खुद के बनाए मेटल आर्ट आइटम कई बॉलीवुड स्टार्स और सेलिब्रिटीज को गिफ्ट किए हैं। इनमें अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार, संजय दत्त, नवाजुद्दीन सिद्दीकी सहित कई बड़े अभिनेता शामिल हैं। अर्पित ने लेजर तकनीक से धार्मिक आर्ट के अलावा विराट कोहली-अनुष्का, भाजपा नेता वीडी शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय सहित कई हस्तियों के चेहरे भी बनाए हैं।

फिल्म पैड मेन और लॉयन की प्रोडक्शन टीम का हिस्सा रहे

अर्पित ने मुंबई में काफी समय तक फिल्म प्रोडक्शन का काम किया था। वे पैड मेन, लॉयन जैसी फिल्मों की प्रोडक्शन टीम का हिस्सा रह चुके हैं। पिता चाहते थे कि बेटा उनके साथ ही रहे इसलिए अर्पित 4 साल पहले इंदौर अपने घर लौट आए थे। फिर यहीं होम डेकोर और गिफ्ट आइटम का बिजनेस शुरू कर दिया। पिता बताते हैं कि मेटल पर लेजर से आर्ट बनाने में अर्पित देश के गिने-चुने कलाकारों में शामिल थे।

विनम्र अनुरोध 🙏कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Madhyapradesh पर क्लिक करें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!