MP NEWS - विधायक का बेटा काफिला लेकर महाकाल लोक में घुस गया, कलेक्टर एसपी से लड़ पड़ा

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित बाबा महाकाल के दरबार में, सत्ता की ठसक देखिए। देवास के राज परिवार का युवराज और भाजपा विधायक गायत्री राज्य का बेटा विक्रम सिंह गाड़ियों का काफिला लेकर महाकाल लोक में घुस गया। जब कलेक्टर-एसपी ने उसे रोका तो दोनों से लड़ने लगा। अब सत्ता का असर देखिए, कोई और होता तो उसकी चमड़ी पर इस गुस्ताखी के निशान दिखाई देते परंतु विधायक का बेटा है। इसलिए किसी ने कुछ नहीं कहा। केवल चालान की कार्रवाई की जा रही है। 

विधायक का बेटा काफिला लेकर मानसरोवर तक पहुंच गया

दरअसल, शुक्रवार को नागपंचमी पर्व पर लाखों श्रद्धालु महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में कुछ मार्गों को वन-वे और कुछ पर गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी थी। देवास के युवराज विक्रम सिंह दोपहर 3:30 बजे नीलकंठ द्वार से महाकाल लोक में घुसे। यहां कंट्रोल रूम के पास वीआईपी गाड़ियों को रोका जाता है। यहीं से वीआईपी पैदल या ई-कार्ट से मंदिर तक जाते हैं, लेकिन विक्रम सिंह ने ऐसा नहीं किया। वह अपना काफिला लेकर आगे बढ़ गए और महाकाल लोक पार करते हुए मानसरोवर तक पहुंच गए थे। इस दौरान वहां खड़े सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

कलेक्टर एसपी ने दौड़ लगाकर पकड़ा

कंट्रोल रूम के पास कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे। उनके सामने से गाड़ियों का काफिला महाकाल लोक तक पहुंच गया। इसके बाद एसपी और कलेक्टर दौड़ लगाकर वहां पहुंचे। 

पहले कहा बहस हुई, फिर कहा युवराज नहीं थे 

इस समाचार में ध्यान देने वाली बात यह है कि पहले बताया गया कि विधायक के बेटे की कलेक्टर और सपा के साथ बहस हो गई। बाद में बताया गया कि जब कलेक्टर एसपी पहुंचे तो विक्रम सिंह मंदिर के अंदर जा चुके थे। उन्होंने ड्राइवर को डांटा। गाड़ियों को जप्त करके थाने भेज दिया। इसके बाद कलेक्टर और विक्रम सिंह दोनों के बयान आए। ना तो बहस वाली बात हुई और ना ही बहस के बाद क्या हुआ, इसके बारे में बताया गया। यह तक नहीं बताया गया कि, विक्रम सिंह और कलेक्टर की मुलाकात भी हुई या नहीं। वैसे वीडियो में ड्राइविंग सीट पर जो बैठा है, वह ड्राइवर तो नहीं है। चेहरा देखिए, पहचान में आ जाएगा। इस वीडियो के लिए दैनिक भास्कर का आभार।

कलेक्टर ने कहा चालान करेंगे, विधायक पुत्र ने कहा- फाइन भरेंगे

उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने पत्रकारों को बताया कि, गाड़ियों के काफिले ने अनधिकृत प्रवेश किया है। सभी को जब्त कर थाने पहुंचाया गया है। सभी पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। हंगामे के बाद विक्रम सिंह ने कहा कि गलती से नो एंट्री में घुस गए थे। गलत टर्न ले लिया था। सब पुलिसवाले पहचानते थे। उन्होंने कहा कि गलती तो हुई है। हमने कहा कि जितना भी फाइन होता है हमसे ले लीजिए। फाइन आधे घंटे में भर देंगे। 

अंत में सिर्फ एक छोटा सा सवाल है, क्या जो कोई भी फाइन भरने के लिए तैयार है, वह वाहन लेकर मानसरोवर तक जा सकता है

विनम्र अनुरोध 🙏कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Madhyapradesh पर क्लिक करें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!