छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स में खाने के लिए मध्य प्रदेश के 2 जवानों की हत्या, गार्ड कमांडर घायल - NEWS TODAY

Bhopal Samachar
CAF - छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स में खाने के लिए जवानों के बीच में लड़ाई हो गई। एक जवान ने इंसास राइफल से 7 फायर ठोक दिए। इस घटना में मध्य प्रदेश के रहने वाले दो जवानों की मृत्यु हो गई जबकि गार्ड कमांडर सहित दो घायल हुए हैं। 

मैहर और मऊगंज के सपूतों की मौत, रीवा का अंबुज घायल

मध्यप्रदेश के दो जवानों की छत्तीसगढ़ के भुताही CAF कैंप (बलरामपुर) में बुधवार को गोली मार कर हत्या कर दी गई। इसमें एक जवान रूपेश पटेल (37 वर्ष) मैहर के पोड़ी गांव का रहने वाला था, जबकि दूसरा जवान संदीप पांडेय (39 वर्ष) मऊगंज के ग्राम घुरेहटा का रहने वाला था। घटना में रीवा के अंबुज शुक्ला और राहुल बघेल नाम के दो जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फायरिंग रायगढ़ के पुसौर के रहने वाले अजय सिदार नाम के साथी जवान ने की।

खाने में मिर्ची के लिए लड़ाई शुरू हुई

बलरामपुर के सामरी थाना इलाके में CAF (छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) की 11वीं बी बटालियन में बुधवार (18 सितंबर) सुबह 11:30 बजे अजय सिदार खाना खाने बैठा था। रूपेश खाना परोस रहा था। इस दौरान अजय ने उससे मिर्ची मांगी तो उसने मना कर दिया। दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। वहां मौजूद गार्ड कमांडर अंबुज शुक्ला ने रूपेश का सपोर्ट किया। इससे अजय का गुस्सा और भड़क उठा। उसने खाना छोड़ा, हाथ धोया और साथी जवान की इंसास राइफल उठाकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि उसने 7 फायर किए। अजय सिदार ने अंबुज शुक्ला के पैरों पर दो गोलियां मार दी। जवान राहुल बघेल को छूती हुई एक गोली निकल गई। जिसके बाद अजय जंगल की ओर भागने लगा। जिसे राहुल और बाकी जवानों ने पकड़ लिया।

चार भाइयों में दूसरे नंबर का था रूपेश

रूपेश चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई का मानसिक स्वास्थ्य कुछ ठीक नहीं रहता। जबकि रूपेश से छोटा रुस्तम BSF में है। इन दिनों उसकी पोस्टिंग श्रीनगर में है। घर पर प्यार से रूपेश को सभी लोग उमेश नाम से भी बुलाते थे। वह 2007 में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) में भर्ती हुआ था। रूपेश की मौत की खबर से उसके गृह ग्राम पोड़ी में सन्नाटा पसरा है। परिजन का बुरा हाल है। पत्नी सुलोचना बार-बार बेसुध हो रही है, तो 7 साल के बेटे यश और 12 साल की बेटी ईशा की भी आंखों से आंसू थम नहीं रहे हैं।

संदीप के दो बच्चे, मऊगंज में रह रहा परिवार

संदीप पांडेय के पिता रामसेवक पांडेय छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में पुरातत्व विभाग में अकाउंटेंट हैं। संदीप की एक बड़ी बहन ममता त्रिपाठी और एक भाई शिव कुमार पांडेय हैं। शिव पांडेय भी आर्मी में सेवा देने के बाद अब उमरिया के मानपुर में पटवारी हैं। संदीप की एक बेटी अंजली (11) 5वीं में और छोटा बेटा अंश (10) चौथी क्लास में पढ़ रहा है। परिवार अभी बराव रोड कलेक्ट्रेट ऑफिस के पास वार्ड-15 में रहता है। परिजन ने बताया कि शव गुरुवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच यहां लाया जाएगा।

सांत्वना देने मृतक के घर पहुंचे मैहर विधायक

रूपेश पटेल की हत्या की खबर मिलने पर मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी उसके गांव पोड़ी पहुंचे। उन्होंने मृतक के घर पहुंच कर पिता राम कृपाल पटेल और बाकी परिजन को सांत्वना दी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं।

जवानों को शहीद का दर्जा देने की मांग

मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने जवान रूपेश पटेल और संदीप पांडेय को शहीद का दर्जा देने की मांग की है। उन्होंने कहा- उनके परिजन के भरण-पोषण से लेकर बच्चों की अच्छी शिक्षा का इंतजाम सरकार की ओर से किया जाए। भले ही वे आपसी गोलीबारी में मारे गए हों, लेकिन तैनाती तो देश की सेवा के लिए थी।

बलरामपुर एसपी बोले- आपसी रंजिश के कारण हुई घटना

बलरामपुर SP राजेश अग्रवाल ने कहा कि, इसमें जवानों का आपसी विवाद था। जिस कारण घटना हुई है। जांच का विषय है कि दोनों के बीच विवाद क्या था ? दो जवानों का निधन दुखद है। यह विभाग के लिए बड़ी क्षति है।

घायल जवान मेडिकल कॉलेज में भर्ती

घायल जवान अंबुज शुक्ला के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है। ऑपरेशन कर दोनों पैरों से गोलियां निकाली जाएंगी।

संदीप के कंधे में फंसी थी गोली

फोरेंसिक और मेडिकल टीम की जांच से पुष्टि हुई है कि रीवा के रहने वाले संदीप पांडेय की मौत गोली लगने से हुई है। छत्तीसगढ़ के फोरेंसिक एक्सपर्ट कुलदीप कुजूर ने बताया कि संदीप के रीढ़ की हड्डी के बगल से गोली अंदर घुसकर आंतों को फाड़ते हुए कंधे के पास फंसी है। एक्स-रे में इसकी पुष्टि हुई है।

CAF जवान अजय सिदार को उसके साथी चिढ़ाते थे

जांच में पता चला है कि CAF जवान अजय सिदार को उसके साथी चिढ़ाते थे। जिससे परेशान होकर महीने भर पहले उसने अपने एक साथी जवान पर बंदूक तान दी थी। कैंप इंचार्ज से इसकी शिकायत की गई, तो उन्होंने बंदूक जमा करा ली। अजय सिदार को उसकी बंदूक दोबारा इश्यू नहीं की गई थी। बुधवार को जवान ने विवाद के दौरान जिस इंसास राइफल से गोली चलाई, वह दूसरे साथी जवान की थी। 

विनम्र अनुरोध 🙏कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Madhyapradesh पर क्लिक करें। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!