SMART CITY BHOPAL प्रोजेक्ट इंजीनियर के बैंक लॉकर से 1.17 करोड़ की ज्वेलरी निकली

Bhopal Samachar
नगर निगम भोपाल में पूरी नौकरी के दौरान कोई दाग नहीं लगा। सम्मान से रिटायर हुए लेकिन भोपाल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में प्रोजेक्ट इंजीनियर की नियुक्ति के बाद प्रदीप कुमार जैन लगातार हेडलाइंस में हैं। लोकायुक्त की छापामार कार्रवाई के दूसरे चरण में उनके बैंक लॉकर खोले गए। इसमें डेढ़ किलो गोल्ड, 53 कैरेट के हीरे और लगभग आधा किलो चांदी मिली है। 

प्रदीप कुमार जैन - आय से 300% अधिक संपत्ति

प्रदीप कुमार जैन नगर निगम भोपाल से रिटायर्ड होने के बाद फिलहाल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट भोपाल में संविदा पर सुप्रिटेंडेंट इंजीनियर (SE) के पद पर हैं। इनकी आय से अधिक संपत्ति की शिकायत एसपी लोकायुक्त भोपाल को मिली थी। शिकायत की जांच के दौरान 300% ज्यादा संपत्ति अर्जित करने के सबूत भी मिले। इसके बाद 9 अगस्त 2024 को जैन के घर और दफ्तर पर लोकायुक्त की 2 टीमों ने तलाशी ली थी।

लार्ड्स कॉलोनी वाले बंगले का वैल्यूएशन बाकी है

9 अगस्त को भोपाल की लार्ड्स कॉलोनी स्थित प्रदीप कुमार जैन के घर और गोविंदपुरा स्थित स्मार्ट सिटी ऑफिस में बने दफ्तर में लोकायुक्त की टीम ने छापा मारा था। कार्रवाई में परिवार के सदस्यों के नाम फिक्स डिपॉजिट में 75 लाख रुपए कीमत की 25 एफडी मिली थीं। शुरुआती पड़ताल में सात करोड़ रुपए की संपत्ति के सबूत मिले हैं। बंगले का वैल्यूएशन कराना बाकी है। बंगले की कीमत का अंदाजा मिलने पर उसे कुल इन्वेंट्री में जोड़ा जाएगा।

स्मार्ट सिटी के इंजीनियर की कमाई 75 लाख खर्च सवा दो करोड़

लोकायुक्त पुलिस, जैन को नौकरी के दौरान अब तक मिले वेतन के असल दस्तावेज भी विभाग से ले रही है। जैन के बंगले पर छापे से पहले एजेंसी ने गोपनीय जांच की थी। इसमें पता चला था कि बीते 10 साल में उन्हें सरकार से करीब 75 लाख रुपए वेतन मिला, लेकिन खर्च 2.25 करोड़ से ज्यादा किया है।

लॉर्ड्स कॉलोनी अर्थात भगवानों की कॉलोनी में 6000 स्क्वायर फीट की कोठी

प्रदीप जैन का मकान लॉर्ड्स कॉलोनी के प्लॉट नंबर 11 और 12 पर बना है। मकान का निर्माण 6 हजार वर्गफीट पर कोठीनुमा किया गया है। चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पड़ोसियों ने बताया कि घर में केवल सर्वेंट रहते हैं। जैन परिवार अधिकांश विदेश में ही रहता है। उनका बेटा कनाडा में सेटल है। प्रभारी लोकायुक्त एसपी सूर्यकांत अवस्थी का कहना है कि जैन के लॉकर से मिले जेवरात की कीमत को कुल इन्वेंट्री में जोड़ा जाएगा। 

विनम्र अनुरोध 🙏 कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। भोपाल के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Bhopal पर क्लिक करें।
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!