MADHYA PRADESH - बुधनी विधानसभा में शिवराज सिंह के रोबोट कैंडिडेट का विरोध

Bhopal Samachar
मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के रोबोट कैंडिडेट श्री रमाकांत भार्गव का खुला विरोध शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के सबसे बड़े भेरूंदा शहर में उपचुनाव सह प्रभारी पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत के सामने खुला विरोध किया और प्रत्याशी बदलने की मांग की। 

बुधनी में प्रत्याशी नहीं बदला तो परिणाम बदल जाएंगे: राजेन्द्र सिंह समर्थकों ने कहा

मंगलवार को बुधनी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सह प्रभारी बनाए गए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत भेरूंदा पहुंचे थे। यहां उन्हें कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमें रमाकांत भार्गव जैसा प्रत्याशी मंजूर नहीं है। संगठन ने अपना निर्णय नहीं बदला तो फिर कार्यकर्ता परिणाम बदलने की ताकत भी रखता है। कार्यकर्ताओं ने राजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी बनाने की मांग की है।

भाजपा ने कार्यकर्ता और जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया

बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के घोषित प्रत्याशी रमाकांत भार्गव से असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने एक बैठक रखी थी। नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत यहां पहुंचे थे। वे सभी को संबोधित कर रहे थे। तभी कार्यकर्ताओं ने उनके सामने कहा कि प्रदेश और केंद्रीय संगठन ने कार्यकर्ता और जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं किया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवार हमें कतई मंजूर नहीं है। संगठन को अपना फैसला बदलना होगा। संगठन ने राजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी नहीं बनाया तो चुनाव में इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे।

रामपाल सिंह राजपूत को भाषण बीच में छोडना पड़ा

बैठक में कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के कारण रामपाल सिंह राजपूत को भाषण बीच में ही छोडना पड़ा। हालांकि, इस दौरान वे बार-बार उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे। लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। प्रत्याशी बदलने की मांग पर अड़े रहे। कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी नहीं बदलने पर कांग्रेस के समर्थन में वोटिंग तक करने की बात कह दी।

निर्णय पार्टी का, आपकी बात संगठन तक पहुंचाएंगे

बैठक में चुनाव सह प्रभारी रामपाल सिंह राजपूत ने संबोधित करते हुए कहा कि.. हम सब लोगों ने मिलकर कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा था लेकिन, परिवार के सदस्य का नाम होने के कारण दिल्ली में आयोजित बैठक में शिवराज सिंह चौहान नहीं गए। इसलिए जो निर्णय केंद्रीय नेतृत्व ने लिया हैं, वह पार्टी का है। आप लोगों की भावनाओं को सुनने के लिए मैं आपके बीच आया हूं, आपकी बात को संगठन के बीच रखूंगा।

मेरी विधानसभा मुझे वापस करो: राजेंद्र सिंह राजपूत

बैठक में बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट के दावेदार रहे राजेन्द्र सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की। हालांकि उन्होंने भी पार्टी संगठन के निर्णय को पीड़ा दायक बताया। वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा - इस बैठक में कार्यकर्ताओं को आने से रोकने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन, मैं कार्यकर्ताओं के हिम्मत-हौसले को सलाम करता हूं, जिन्होंने एक बुलावे पर इस बैठक में आकर मेरा मान और सम्मान रखा। कार्यकर्ताओं की तपस्या भंग ना हो, इसलिए मैंने यह बैठक आहूत की। कार्यकर्ताओं का जो निर्णय होगा वह मेरे लिए सर्वमान्य होगा। मुझे पद का कोई लालच नहीं हैं। हम अपनी बात मर्यादित रूप से संगठन तक पहुंचाएंगे। लेकिन, प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो निर्णय लिया हैं वह पीड़ादायक है।

राजेन्द्र सिंह राजपूत कौन हैं 

2003 के विधानसभा चुनाव में बुधनी से जीते। विधायक रहे। शिवराज के मुख्यमंत्री बनने के बाद साल 2005 में सीट खाली की। इसके बदले में उन्हें वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष बनाया गया। उपचुनाव में भाजपा की ओर से टिकट के दावेदार थे। राजन सिंह का कहना है कि मैंने मुख्यमंत्री के लिए सीट छोड़ी थी। अब जबकि शिवराज सिंह चौहान सीट छोड़ रहे हैं तो मुझे मेरी विधानसभा सीट वापस मिलनी चाहिए। इस बैठक के माध्यम से राजेंद्र सिंह राजपूत ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया और बगावत का ऐलान भी किया। इशारों में यह भी कहा कि, यदि कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। 

रमाकांत भार्गव, शिवराज सिंह के रोबोट क्यों है 

हालांकि रमाकांत भार्गव वरिष्ठ भाजपा नेता है परंतु पिछले कुछ सालों में श्री रमाकांत भार्गव का पूरा राजनीतिक अस्तित्व श्री शिवराज सिंह चौहान से शुरू होता है और उन्हीं पर खत्म होता है। स्पष्ट रूप से कहा जाता है कि श्री रमाकांत भार्गव, भाजपा के नहीं बल्कि शिवराज सिंह चौहान के कार्यकर्ता है। कहा जा रहा है कि बुधनी विधानसभा से उन्हें योजना के तहत टिकट दिलवाया गया है। जैसे पंचायत चुनाव में गांव का दबंग व्यक्ति, किसी व्यवस्थागत मजबूरी के चलते अपने मजदूर का सरपंच बना देता है और फिर स्वयं पूरी पावर इंजॉय करता है। ठीक इसी प्रकार श्री रमाकांत भार्गव अगले विधानसभा चुनाव तक के लिए नाम के विधायक रहेंगे। असली विधायकी कार्तिकेय सिंह चौहान करेंगे और 2028 का विधानसभा चुनाव भी कार्तिकेय सिंह चौहान ही लड़ेंगे। 

सब जानते हैं कि, 2028 में कार्तिकेय सिंह के लिए रमाकांत विनम्रता पूर्वक सीट छोड़ देंगे लेकिन राजेंद्र सिंह राजपूत यदि एक बार विधायक बन गए तो फिर उन्हें बुधनी से बाहर निकलना मुश्किल काम है। 

विनम्र अनुरोध 🙏 कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। मध्य प्रदेश के महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Madhyapradesh पर क्लिक करें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!