मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की मोती नगर बस्ती, रविवार की सुबह 5:00 बजे पुलिस छावनी में तब्दील हो गई। चारों तरफ भारी संख्या में पुलिस फोर्स दिखाई दे रही थी। 4 एसडीएम और 50 पटवारी सहित टोटल 1000 कर्मचारियों की टीम थी। दोपहर 2:00 बजे तक 110 दुकानों को तोड़ दिया गया था और उनका मालवा भी साफ कर दिया गया था। अब 384 मकान को तोड़ना बाकी है।
10 जेसीबी, 25 डंपर और मनोज शुक्ला नजरबंद
मध्य प्रदेश: भोपाल में रेलवे अधिकारियों के अनुरोध पर मोती नगर क्षेत्र में 100 दुकानों को ध्वस्त किया गया। जिला प्रशासन ने नगर निगम, राजस्व, रेलवे और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ यह कार्रवाई की। यह अभियान सुबह-सुबह शुरू हुआ, जिसमें पुलिस ने एक किलोमीटर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर… pic.twitter.com/KRUxIU5exs
— IANS Hindi (@IANSKhabar) February 9, 2025
पुलिस ने चारों तरफ से एक किमी दूर बैरिकेड्स लगाकर आवाजाही में रोक लगा रखी थी। सुभाषनगर ब्रिज को भी बंद कर दिया था। मीडिया को भी इलाके में जाने की अनुमति नहीं थी। कार्रवाई के दौरान 10 जेसीबी, 2 बड़ी पोकलेन, 25 डंपर, 10 ट्रैक्टर ट्राली, 50 लोडिंग गाड़ियां लगाई गईं। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और रेलवे के करीब 1000 अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे। इधर, विरोध और हंगामे को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया था।
भोपाल में मोती नगर के 384 मकान तोड़े जाएंगे
दरअसल, सुभाषनगर ब्रिज की थर्ड लेन और रेलवे की थर्ड लाइन के लिए यहां के 384 मकान और 110 दुकानों को तोड़ा जा रहा है। दुकानें हटा दी गई हैं। आगामी दिनों में मकानों को तोड़ा जाएगा। वहीं इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस विरोध कर रही है। हंगामा होने की संभावना के चलते पुलिस फोर्स तैनात किया गया था। बता दें कि 6 फरवरी को पुलिस मौके पर पहुंची थी और लोगों को सामान हटाने का अल्टीमेटम दिया था। अफसरों की समझाइश के बाद कई दुकानदारों ने अपना सामान हटा लिया था।
सगाई के लिए आए लड़की वालों को हिरासत में लिया गया
कार्यवाही के दौरान सुभाष नगर आरओबी को भी बंद कर दिया गया था। अधिकारियों को डर था कि कार्रवाई के दौरान हंगामे की स्थिति बन सकती है। ऐसे में ब्रिज के ऊपर से भी पत्थरबाजी होने की संभावना थी। इसलिए दोनों ओर से ब्रिज पर पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। मोती नगर बस्ती के पास में ही एक मैरिज गार्डन भी है। यहां आज सगाई का कार्यक्रम होना है। लड़की पक्ष के लोग बाहर पहुंचे थे इसलिए उनकी गाड़ियां बैरिकेडिंग के पास में ही रुकवा दी गईं। पुलिस उन्हें अपने साथ मैरिज गार्डन तक लेकर गई। साथ आए कैमरामैन की भी जांच की गई। उसके बाद ही आगे जाने दिया गया।
कार्रवाई के दौरान ऐसी रही प्रशासन की व्यवस्था
- रचना नगर, रायसेन रोड, सुभाष नगर और बोगदा पुल की तरफ बैरिकेडिंग की गई।
- किसी को भी आने जाने नहीं दिया जा रहा था।
- बैरिकेडिंग तीन लेयर पर की गई थी।
- सुभाष नगर ब्रिज के दोनों तरफ पुलिस तैनात रही।
- ब्रिज के ऊपर से ट्रैफिक बंद कर दिया गया था।
- 4 एसडीएम, 4 तहसीलदार, 10 नायब तहसीलदार, 10 राजस्व निरीक्षक, 50 पटवारी, 50 कोटवार तैनात किए गए।
- 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
इन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने रविवार को कार्रवाई के लिए एसडीएम एलके खरे, डॉ. अर्चना रावत, रविशंकर राय और रवीश श्रीवास्तव की ड्यूटी लगाई गई। चार तहसीलदार आलोक पारे, कुनाल राउत, दिलीपकुमार चौराया और चंद्रकुमार ताम्रकार समेत 10 नायब तहसीलदार, 10 राजस्व निरीक्षक, 50 पटवारी और 50 कोटवारों को भी तैनात किया गया था।
विनम्र अनुरोध कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। भोपाल से संबंधित महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Bhopal पर क्लिक करें।