लोग कहते हैं महंगाई बहुत बढ़ गई है लेकिन मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में ग्राम पंचायत का रोजगार सहायक, जिनका मासिक वेतन ₹9000 है। अपने वेतन से घर नियमित मासिक खर्च करता है। इसके बाद भी इतने पैसे बच जाते हैं कि उसने पिछले 10 साल में दो मकान बना लिए, बोलेरो से आता जाता है, पांच विदेशी यात्राएं कर चुका है, 250 ग्राम गोल्ड खरीद लिया है, एक जेसीबी मशीन भी खरीद ली है, और यदि आप उसके घर चले जाए तो सवा लाख के डिनर सेट में खाना खिलाता है। घर में सब्जी भाजी खरीदने के लिए सवा दो लाख रुपये पड़े रहते हैं। इस सब के बाद भी पैसा बच जाता है।
2014 में ₹3000 महीने वेतन पर नौकरी लगी थी
मुरैना के पहाड़गढ़ की कहारपुरा पंचायत का ग्राम रोजगार सहायक रामअवतार धाकड़ के निवास पर लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई की। इसमें लोकायुक्त को अभी तक कुल डेढ़ करोड़ की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले और दो लाख 24 हजार रुपए नकद मिले हैं। राम अवतार धाकड़ की नियुक्ति रोजगार सहायक के पद पर वर्ष 2014 में हुई थी। उसके बाद वर्ष 2016 से 2022 तक उसने इतनी संपत्ति बनाई है। लोकायुक्त के अनुसार जिस समय उसकी रोजगार सहायक के पद पर भर्ती हुई थी, उसका वेतन केवल 3000 रुपए मासिक था। आज की तारीख में उसका वेतन केवल 9000 रुपए है। अगर देखा जाए तो इतनी राशि अकेले उसकी स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों के पेट्रोल खर्च के लिए भी कम पड़ जाएगी।
लग्जरी लाइफ के अलावा 10 साल में डेढ़ करोड़ की संपत्ति बना ली
शुक्रवार की सुबह लोकायुक्त टीम ने रामअवतार धाकड़ के 3 ठिकानों ग्वालियर में किराए के मकान, पहाड़गढ़ के मनोहरपुरा स्थित मकान और कैलारस में पहाड़गढ़ स्थित निवास पर छापा मारा। सुबह साढ़े 5 बजे से शुरू हुई यह कार्रवाई 12 घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान उसके यहां से कुल 1 करोड़ 46 लाख 46 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज और 2 लाख 24 हजार 700 रुपए नगद बरामद हुए हैं। बताया जाता है कि यह सारी संपत्ति उसने 11 साल में कमाई है।
एक नजर में संपत्ति
- जेसीबी (कीमत 28.46 लाख),
- बोलेरो (4 लाख),
- ट्रैक्टर (7.83 लाख),
- स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (56,384 रुपए),
- एक्टिवा स्कूटी
- बीमा पॉलिसी (1.66 लाख),
- एफडी (15 लाख),
- बैंक खातों में जमा राशि (2.5 लाख)
- ग्राम मनोहर पूरा स्थित मकान (कीमत 69.57 लाख),
- कैलारस में एक भवन (11 लाख)
- विदेश यात्रा के दस्तावेज (मलेशिया यात्रा से जुड़े दस्तावेज भी मिले)
- नगद 2,24,700 रुपए बरामद
- देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस (जिस पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया)
- सोने के 249.21 ग्राम आभूषण (कीमत 14.19 लाख)
- चांदी के 907 ग्राम आभूषण (कीमत 39,925 रुपए)
- 1.27 लाख का डिनर सेट और महंगी घड़ियां
लोकायुक्त में शिकायत हुई तो बेनामी संपत्ति खरीदने लगा
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम रोजगार सहायक रामअवतार पहले सभी लोगों से बातचीत करता था और लोगों के काम भी कराता था। लेकिन कुछ सालों से उसने दिखावा शुरू कर दिया, जिस कारण उसका विरोध होने लगा। यही वजह है कि ग्रामीण ने ही रामअवतार की शिकायत की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि एक कागजी हेरफेर के सामने आने के बाद उन्हें पता लगा कि रामअवतार करोड़ों में खेल रहा है। लोकायुक्त में शिकायत हो जाने के बाद आरोपी ने संपत्ति अपने मित्रों के नाम लेनी शुरू कर दी। फेसबुक पर हाल ही में एक लग्जरी गाड़ी खरीदने की तस्वीर भी आरोपी ने पोस्ट की है।
एक साल पहले पहुंचा था नए भवन में
आरोपी रामअवतार ने गांव में आलीशान दो मंजिला मकान बनाया है। 2 साल पहले इस मकान का काम शुरू हुआ और बीते साल आरोपी ने यहां गृह प्रवेश किया। आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम आरबी कंस्ट्रक्शन के नाम से फर्म रजिस्टर करा रखी है। इसी फर्म के नाम से जेसीबी खरीदी। आरोपी ने ज्यादातर संपत्ति पत्नी के नाम से खरीदी।
मकान को लेकर 2022 में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी लगाई गई। इसमें बताया गया कि यह जमीन गोचरभूमि की है, जिस पर अतिक्रमण कर मकान बनाया गया है। आरोपी ने फर्म अपनी पत्नी के नाम रजिस्टर्ड कराई थी। जेसीबी, ग्वालियर और कैलारस के प्लॉट भी उसने पत्नी के नाम पर ही लिए। गांव का मकान पिता के नाम पर लिया। शिकायतकर्ता की मानें तो आरोपी आसपास की पंचायतों में भी ठेकेदारी करने लगा है।
गांव में मकान नहीं महल बनाया है
रोजगार सहायक रामावतार धाकड़ का उसके पैतृक गांव मनोहर का पुरा में जो आलीशान मकान बना है वह एक पहाड़ी पर है। पूरी जमीन शासकीय है और वन विभाग की है। दो मंजिला मकान के साथ में बीघों में फैला उसका गार्डन है, जिसमें रंग-बिरंगे फूलों के अलावा फलों के पेड़ लगे हुए हैं।
शासकीय वन भूमि को हथियाने के लिए उसने अपने पिता मुरारीलाल धाकड़ जो कि उस गांव के पूर्व सरपंच हैं, उनके नाम से एक ठहराव प्रस्ताव बनवाया, और उस जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। हवेलीनुमा उस मकान की कीमत 70 लाख के करीब आंकी है जबकि उसकी बाजारू कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से कम नहीं है। यह तो केवल उसकी कंस्ट्रक्शन लागत है अगर जमीन की कीमत जोड़ी जाए तो इससे तीन गुना अधिक बैठती है।
पांच बार मलेशिया और दो बार ऑस्ट्रेलिया घूम आया
लोकायुक्त के छापे में उसके घर से मलेशिया का वीजा जब्त किया है। वहीं अगर ग्रामीणों की माने तो वह पांच बार मलेशिया और दो बार ऑस्ट्रेलिया जा चुका है। लोकायुक्त की मानें तो इस बात की भी जानकारी खंगाली जा रही है कि वह विदेशों में क्यों गया था। अगर एक बार से अधिक वह गया है तो फिर इस मामले में उसकी मलेशिया गवर्नमेंट से जानकारी जुटाई जाएगी।
इन धाराओं में किया गया मामला दर्ज
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने राम अवतार धाकड़ और उनके परिजनों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 12, 13(1)(b), 13(2) संशोधन अधिनियम 2018 और भारतीय दंड संहिता की धारा 109 व 120 के तहत मामला दर्ज किया। जांच में पाया गया कि राम अवतार धाकड़ ने अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की, जिसे उसने अपने पिता और पत्नी के नाम से निवेश किया। घर से अवैध हथियार भी मिला है।
लोकायुक्त निरीक्षक कविंद्र सिंह चौहान
घर से एक अवैध देशी पिस्तौल व पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की गई है। मनोहरपुरा गांव में जो हवेली बनी है वह शासकीय भूमि पर बनी है। दस्तावेज हमारे पास है। इसकी विस्तृत रूप से जांच चल रही हैं। मलेशिया जाने के मामले की भी जांच की जा रही है।
विनम्र अनुरोध कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें। इन सबकी डायरेक्ट लिंक नीचे स्क्रॉल करने पर मिल जाएंगी। मध्य प्रदेश से संबंधित महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Madhyapradesh पर क्लिक करें।