मध्य प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सभ्यता और समानता की बड़ी कमी है। विधानसभा क्रमांक 3 के विधायक गोलू शुक्ला ने अपने बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए, रक्तपीठ के पुजारी पर इतना दबाव डाला कि, उसने अपना बयान ही बदल दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, इस घटना को लेकर विधायक गोलू शुक्ला के इस्तीफा की मांग करने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक भी बयान से पलट गए।
पुजारी ने खुद सामने आकर विधायक पुत्र पर आरोप लगाया था
पुजारी ने अपने परिवार के साथ मीडिया के सामने आकर भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला पर आरोप लगाए थे। बताया था कि, विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला 11 अप्रैल की आधी रात को करीब एक दर्जन वाहनों में अपने साथियों को लेकर देवास की माता टेकरी पहुंचे थे। मंदिर बंद होने के बावजूद इन लोगों ने जबरन पट खोलने की मांग की। इसे लेकर विवाद हुआ। शनिवार को पुजारी ने मामले में पुलिस से शिकायत की। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे के साथ मारपीट की गई। मुझे धमकाया गया। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज भी दिखाए गए थे।
मीडिया के प्रेशर के कारण मामला दर्ज हुआ
इस मामले में पुलिस आनाकानी कर रही थी परंतु मीडिया ने हैवी प्रेशर क्रिएट कर दिया। एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि सोमवार को पीड़ित पुजारी उपदेशनाथ के बयान हुए। इन बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर केस दर्ज किए गए। हनी के विरुद्ध गाली गलौच, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। वहीं, जीतू के खिलाफ जो केस दर्ज हुआ था, उसमें आरोपी बढ़ाए गए हैं। जैसा कि बताया जा रहा है कि 25-30 युवक थे। इस हिसाब से आरोपियों की संख्या बढ़ेगी।
एसपी गेहलोद ने कहा, ‘जांच में सामने आया कि शुक्रवार रात गाड़ियों का काफिला लेकर रुद्राक्ष शहर में घूमा था। इनमें से 6 गाड़ियां टेकरी पर गई थीं। इन्हें ट्रेस कर केस दर्ज किया है। एक गाड़ी नीचे थी, उस पर भी केस दर्ज किया है। चार को जब्त कर लिया है। वीडियो में रुद्राक्ष की गाड़ी टेकरी पर जाती दिख रही है।
पुलिस ने सोमवार देर रात रुद्राक्ष समेत 7 आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। इनमें इंदौर के अमन शुक्ला, हनी, उज्जैन के लोकेश चंदवानी, मनीष तेजवानी, अनिरुद्ध सिंह पंवार और देवास के जीतू रघुवंशी के नाम शामिल हैं।
मामला दर्ज होने के बाद पुजारी पलट गया
मंदिर के पुजारी अशोक नाथ ने बताया- उस दिन रात 12 बजे के बाद 30-40 लोग माता टेकरी आए थे। 12 बजे दोनों मंदिरों के पट बंद हो गए थे। बेटा उपदेश वहां मौजूद था। उसे कुछ मालूम नहीं था कि वो लोग कौन हैं। उसने सभी लोगों को बाहर से ही दर्शन कराए। तिलक भी लगाया।
इतने में देवास के जीतू रघुवंशी ने बेटे से पूछा- चाबी किसके पास है? मैं कलेक्टर की अनुमति लेकर आया हूं। उसने पट खोलने के लिए कहा। उपदेश ने पट खोलने से मना किया। इस पर रघुवंशी बोला कि पट तो खोलने पड़ेंगे। इसके बाद बेटे का कान पकड़ कर बदतमीजी और गाली-गलौज की।
विधायक जी के बेटे तो अपने वाहन से नीचे तक जा चुके थे। सारी हरकत जीतू ने की। विधायक जी के बेटे ने पट खोलने के लिए नहीं कहा। उन्हें तो कुछ मालूम ही नहीं था। जो हुआ, वह तो गलत है। जिसने हमारे साथ अभद्रता की थी, उसके ऊपर हम शनिवार को ही कार्रवाई करवा चुके हैं।
अशोक नाथ ने कहा कि इंदौर के मठ के साथ हम भी खड़े हैं। अगर हमारी मांग पर कायमी नहीं होती तो हम अभी तक अनशन पर बैठ जाते। पुलिस की कार्रवाई से हम संतुष्ट हैं। जीतू रघुवंशी के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। हमारे ऊपर कोई दबाव नहीं है।
आरएसएस के प्रचारक भी पॉलिटिक्स करते हैं
रविवार तक विधायक गोलू शुक्ला के इस्तीफे की मांग करने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचार प्रमुख नरेंद्र जैन ने भी सोमवार को अपने बयान से यू टर्न ले लिया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मध्यक्षेत्र के पूर्व प्रचार प्रमुख और संघ प्रचारक जैन ने दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर को शेयर करते हुए सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा था- सत्ता के लालच में कुकृत्यों को कब तक ढोएगी भाजपा। यदि भाजपा पार्टी विद डिफरेंस का दावा करती है, तो उसे विधायक से इस्तीफा लेना चाहिए। बता दें कि नरेंद्र जैन संघ के पूर्णकालिक प्रचारक हैं। वह सागर में सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य रह चुके हैं।
लेकिन सोमवार शाम तक इस मामले में जैन के सुर बदल गए। टेलिफोनिक चर्चा में नरेंद्र जैन ने कहा- यह मेरा स्टेटमेंट नहीं है। मैंने यह सामान्य नागरिक होने के नाते सोशल मीडिया पर लिखा है। मेरे पोस्ट को राजनीतिक रूप नहीं दिया जाए।
कोई जैन साहब को बताए कि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रचारक सामान्य आदमी नहीं होता। सोशल मीडिया पर उसके दो शब्द भी राजनीतिक हो जाते हैं। सवाल तो करना ही चाहिए कि क्या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक भी पॉलिटिक्स करने लग गए हैं। विधायक पर प्रेशर क्रिएट करने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और जब काम बन गया तो खुद को सामान्य नागरिक बोलने लग गए।
विनम्र अनुरोध कृपया हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें। सबसे तेज अपडेट प्राप्त करने के लिए टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें एवं हमारे व्हाट्सएप कम्युनिटी ज्वॉइन करें।
मध्य प्रदेश से संबंधित महत्वपूर्ण समाचार पढ़ने के लिए कृपया स्क्रॉल करके सबसे नीचे POPULAR Category में Madhyapradesh पर क्लिक करें। समाचार, विज्ञापन एवं प्रतिनिधित्व पूछताछ के लिए व्हाट्सएप, टेलीग्राम ईमेल के माध्यम से संपर्क करें।
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें |
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें |
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए यहां क्लिक करें |
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें |